खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। रायपुर AIIMS के आगामी दीक्षांत समारोह को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समारोह के लिए जारी आमंत्रण पत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम शामिल नहीं होने से उनके समर्थकों में नाराजगी की चर्चा है। खास बात यह है कि AIIMS की सलाहकार समिति से जुड़े सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और रायपुर महापौर मीनल चौबे के नाम भी अतिथियों की सूची में नजर नहीं आ रहे हैं।
आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद समर्थकों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समारोह के आमंत्रण में स्थान क्यों नहीं दिया गया। हालांकि, AIIMS प्रशासन की ओर से इन नेताओं के नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किए जाने को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।
2 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह
रायपुर AIIMS का दीक्षांत समारोह आगामी 2 सितंबर को आयोजित किया जाना है। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर राज्य के मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक भी हो चुकी है।
बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और प्रोटोकॉल को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में AIIMS के अधिकारी भी मौजूद रहे।
आमंत्रण पत्र में इन प्रमुख नामों का उल्लेख
बैठक के बाद सामने आए आमंत्रण पत्र में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, AIIMS रायपुर के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) के नाम दर्ज हैं।
वहीं, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे के नाम आमंत्रण पत्र में नहीं होने से अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। समारोह में उपराष्ट्रपति की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका और प्रोटोकॉल को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि आमंत्रण सूची अंतिम है या इसमें बाद में संशोधन किया जाएगा। AIIMS प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।


