खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा इलाके के श्रीराम नगर में 23 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे चाकूबाजी की वारदात में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान भोला विश्वकर्मा (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भोला का स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने एकजुट होकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों एवं अपचारियों को पकड़ लिया। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की हत्या और बलवा से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।


