तेज हवाओं, भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन का फैसला, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, बीजापुर – बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए बीजापुर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। बीजापुर जिला कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में प्रतिकूल मौसम, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय बीजापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की कक्षाएं 28 अक्टूबर को बंद रहेंगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। यह निर्णय कलेक्टर के निर्देश पर लिया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचाया जा सके।इसी तरह, कलेक्टर कार्यालय की महिला एवं बाल विकास शाखा द्वारा जारी आदेश में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 28 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हितग्राहियों और अभिभावकों तक अवकाश की सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध खाद्य सामग्री, अभिलेखों एवं अन्य शासकीय सामग्रियों को सुरक्षित रखने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
*बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता*
जिला प्रशासन ने खराब मौसम की संभावनाओं को देखते हुए सभी संबंधि विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा के उद्देश्य से लिया गया है।28 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। अभिभावकों से अपील है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


