ऐतिहासिक फैसले से किसानों में खुशी की लहर, मुंगेली भाजपा किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने प्रदेश के अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा व ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य सरकार ने गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹70 प्रति क्विंटल की सीधी वृद्धि करने के साथ ही, धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रदेशभर में 354 नए धान उपार्जन केंद्रों को मंजूरी दी है।
सरकार के इस दूरदर्शी निर्णय से जहाँ एक ओर गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर व सही मूल्य मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नए धान केंद्रों की स्थापना से दूर-दराज के किसानों की परिवहन संबंधी परेशानियाँ समाप्त होंगी।
‘किसान समृद्ध होगा, तभी छत्तीसगढ़ समृद्ध होगा’ — रितेश यादव
इस किसान-हितैषी निर्णय पर भाजपा किसान मोर्चा मुंगेली के जिलाध्यक्ष रितेश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा
”मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के यशस्वी नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय, सम्मान और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। गन्ने के दाम में बढ़ोतरी और नए धान केंद्रों की स्वीकृति अन्नदाताओं को राहत देने वाला एक क्रांतिकारी फैसला है। जब प्रदेश का किसान समृद्ध होगा, तभी छत्तीसगढ़ की समृद्धि का सपना साकार होगा।”
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री द्वय विश्वनाथ साहू एवं शंकर सिंह ठाकुर ने भी इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
धान उपार्जन केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी से किसानों को अब लंबी दूरी तय करके मंडियों या केंद्रों तक जाने से मुक्ति मिलेगी, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के जिला आईटी सेल प्रभारी अरविन्द सिंह राजपूत ने भी मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि यह सरकार हर कदम पर किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।


