किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने का लगाया आरोप, साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली पर भी जताई नाराजगी
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – धमधा। छत्तीसगढ़ के धमधा में भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष सामने आया है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाजपा के 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। नाराज पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जाहिर किया है। सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद स्थानीय भाजपा संगठन में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपना त्यागपत्र भाजपा धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजा है। उनका आरोप है कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर अपेक्षित पहल नहीं हो रही थी। किसानों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही थी। इसी असंतोष के चलते उन्होंने एक साथ इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
डॉ. हर्ष साहू समेत कई पदाधिकारी शामिल
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा धमधा मंडल के अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू और सक्रिय सदस्य तेजराम साहू के नाम प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं। इनके अलावा कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी इस्तीफा देने वालों में शामिल हैं।
विधायक की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं के साथ ही साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली को लेकर भी अपनी असहमति जाहिर की है। उनका कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर जिस तरह की अपेक्षा थी, उसके अनुरूप स्थिति में सुधार नहीं हो पाया।
स्थानीय संगठन में बढ़ी हलचल
एक साथ 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे से धमधा में भाजपा संगठन के भीतर असंतोष का मुद्दा चर्चा में आ गया है। अब इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय संगठन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी। हालांकि, इस्तीफे को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई के संबंध में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।


