मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प से प्रेरित होकर बीजापुर में चला स्वच्छता अभियान
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए स्वच्छ भारत अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए बीजापुर के लोहा डोंगरी पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत वृहद सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर श्रमदान किया।
कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, जनपद सदस्य धनेश्वरी बाकड़े, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों के साथ मिलकर पार्क परिसर की साफ-सफाई की। स्वच्छता की दिलाई शपथ
अभियान के दौरान कलेक्टर विश्वदीप ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत और सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही इसे स्थायी जनआंदोलन बनाया जा सकता है। अभियान में व्यापारी संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों तथा स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। हाथों में झाड़ू लेकर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। जनभागीदारी से मजबूत हुआ स्वच्छता का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से लोगों को घर, मोहल्ले, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के अंत में “स्वच्छ बीजापुर–सुंदर बीजापुर” के संकल्प को दोहराते हुए नागरिकों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई।


