खबर वर्ल्ड न्यूज-धमतरी। स्वस्थ समाज और सशक्त-विकसित राज्य की संकल्पना को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिटों (MMU) ने दूरस्थ व वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ पहुंच सुनिश्चित की है। धमतरी जिले में इस पहल के जरिए अब तक 4,66,744 मरीजों का उपचार किया जा चुका है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में जनसेवा का एक नया अध्याय रच रहा है।
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जरूरतमंद नागरिकों तक समय पर और सहज रूप से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारते हुए धमतरी जिले में कुल चार मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से अब तक 5,839 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों से ग्रामीण व शहरी बस्तियों के नागरिकों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिली है। आंकड़ों की नजर से देखें तो 4,66,744 उपचारित मरीजों के साथ-साथ 1,19,370 पैथोलॉजी जांचें की गई हैं और 4,12,116 दवाइयों का वितरण किया जा चुका है।
जिले में व्यापक कवरेज देने के लिए नगर निगम क्षेत्र में MMU-1 एवं MMU-2, कुरुद व मगरलोड क्षेत्र में MMU-3 तथा नगरी, आमदी और भखारा के दूरस्थ इलाकों में MMU-4 निरंतर अपनी सेवाएं दे रही हैं। राज्य शासन की इस विशेष पहल के तहत इन मेडिकल यूनिट्स में अत्याधुनिक स्वास्थ्य उपकरण, डॉक्टर्स, नर्स और लैब टेक्नीशियन की पूरी टीम तैनात रहती है। विशेष बात यह है कि इन यूनिटों में ‘एटीएम हेल्थ मशीन’ की सुविधा उपलब्ध है, जिसके जरिए 50 से अधिक प्रकार के पैथोलॉजी टेस्ट मौके पर ही करके तत्काल जांच रिपोर्ट दी जाती है, जिससे मरीजों को घर के पास ही मुफ्त दवाइयों और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल रही है।
ये एमएमयू दल केवल दवा वितरण तक सीमित न रहकर समुदाय को निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं। शिविरों में लोगों को मौसमी बीमारियों, शुरुआती लक्षणों की पहचान और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आदत डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन सेवाओं के सुचारू संचालन में भव्या हेल्थ सर्विसेज प्रा. लि. की प्रबंधन और फील्ड टीम का मैदानी सहयोग सराहनीय रहा है। नागरिकों को अस्पताल तक पहुंचने की दूरी खत्म कर, स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे उनके घर तक पहुंचाने की यह जनकल्याणकारी व्यवस्था राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को निरंतर मजबूत कर रही है।
Trending
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा
- रायपुर में वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत: लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
- लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
- महाराष्ट्र में बंधक जैसी परिस्थितियों से 40 श्रमिकों को मिली मुक्ति, छत्तीसगढ़ लौटे सकुशल


