नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई और बेरोजगारी को बताया मोदी सरकार की उपलब्धियां 15 लाख और अच्छे दिनों को लेकर पूछे सवाल
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर द्वारा जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा द्वारा ‘सेवा और समर्पण’ के रूप में मनाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान धोखा दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।लालू राठौर ने मोदी सरकार के कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाते हुए कहा कि 100 दिनों में महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने, हर घर नल और हर सिर पर छत, 15 लाख रुपये खाते में आने तथा किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता बढ़ी है।नोटबंदी और जीएसटी पर उठाए सवालराठौर ने नोटबंदी को असफल बताते हुए कहा कि कालेधन पर रोक लगाने के दावे के बावजूद 99 प्रतिशत से अधिक प्रतिबंधित नकदी बैंकों में वापस आ गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी से छोटे उद्योगों और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। जीएसटी के क्रियान्वयन को लेकर भी उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र पर असर पड़ने का दावा किया।उन्होंने पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क से बड़ी राशि वसूले जाने और डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।छत्तीसगढ़ में ‘मोदी की गारंटी’ पर भी सवाल लालू राठौर ने छत्तीसगढ़ में भाजपा द्वारा किए गए चुनावी वादों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने एक लाख सरकारी नौकरियां, 500 रुपये में रसोई गैस, अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, महतारी वंदन योजना, धान खरीदी में 3100 रुपये, बेरोजगारी भत्ता, छात्रों को फ्री परिवहन पास और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए इन्हें लेकर सरकार से जवाब मांगा।उन्होंने गो-सेवा संकल्प का उल्लेख करते हुए गोठानों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।प्रधानमंत्री से पूछे 43 सवाल प्रेस वार्ता के दौरान लालू राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 43 सवाल पूछे। इनमें अच्छे दिन कब आएंगे, 15 लाख रुपये किसके खाते में गए, महंगाई और पेट्रोल कब सस्ता होगा, हर साल दो करोड़ रोजगार का वादा पूरा हुआ या नहीं, नोटबंदी से क्या हासिल हुआ, किसानों की आय दोगुनी हुई या नहीं, बेटियां सुरक्षित क्यों नहीं हैं, कितने स्मार्ट सिटी बने और सरकारी संपत्तियों की बिक्री कब तक जारी रहेगी जैसे सवाल शामिल रहे।
राठौर ने कहा कि भाजपा को ‘सेवा संकल्प’ के नाम पर जनता को गुमराह करने के बजाय इन सवालों का जवाब देना चाहिए। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, आर. वेणुगोपाल राव, बेनहूर रावतिया, प्रवीण डोंगरे, इम्तियाज ख़ान, सोनू पोटाम, पुरुषोत्तम सल्लूर, संतोष गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, इदरीस खान, श्यामू गुप्ता, गुड्डू कोरसा और बाबूलाल राठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


