खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम प्रहरी ने संयुक्त रूप से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की। यह अभियान आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए चलाया जा रहा है। पुलिस और नगर निगम की टीम ने सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की।
नगर निगम की टीम प्रहरी के साथ यातायात पुलिस ने कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से 4 ठेला, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से 4 हजार रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां सड़क किनारे किए गए तीन अवैध अस्थाई अतिक्रमणों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इसके अलावा 11 दुकानों की अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर हुई और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गणेश चतुर्थी जैसे बड़े आयोजनों के दौरान शहर में भीड़ और यातायात दबाव बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क, फुटपाथ और डिवाइडर पर सामान या प्रचार सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें। पुलिस ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग जरूरी है। नियमों का पालन करने से न केवल जाम की समस्या कम होगी बल्कि दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
Trending
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा
- रायपुर में वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत: लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
- लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
- महाराष्ट्र में बंधक जैसी परिस्थितियों से 40 श्रमिकों को मिली मुक्ति, छत्तीसगढ़ लौटे सकुशल
- सफलता की कहानी- बकरियों के छोटे से व्यवसाय ने बदली मंगेश की तकदीर, आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़े कदम


