करीब 5 लाख रुपये का चोरी का मशरूका बरामद, 9 मोबाइल और बजाज पल्सर जब्त
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। थाना कोतवाली बीजापुर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मोबाइल दुकान से 9 मोबाइल फोन तथा मोटर गैरेज से मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत करीब 5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र मीणा एवं अमन कुमार, रमन कुमार झा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बीजापुर अभिषेक केसरी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।पहले मामले में मोबाइल जोन, बीजापुर के संचालक रोशन गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 और 27 अगस्त की दरम्यानी रात दुकान से 9 मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वहीं दूसरे मामले में महेन्द्र कुमार निर्मलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 नवंबर 2025 को उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BV5485 को काल भैरव आकांक्षा ऑटोमोबाइल गैरेज में खड़ा किया गया था, जहां से अज्ञात व्यक्ति ने उसे चोरी कर लिया।दोनों मामलों की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।


