खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ में TET को लेकर आंदोलनरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षक संगठनों के साथ हुई बैठक में शिक्षा मंत्री ने विभागीय TET आयोजित कराने पर सरकार की सहमति जताई है। बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित योग्यता के दायरे में शिक्षकों को लाने के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में TET सहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षक संगठनों ने सरकार से TET को लेकर स्पष्ट रुख जानना चाहा। इस पर शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के लिए विशेष TET आयोजित की जाएगी।
बताया गया कि यह परीक्षा सामान्य TET से अलग होगी और इसे विभागीय स्तर पर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कराया जाएगा। सरकार की इस सहमति से लंबे समय से TET को लेकर आंदोलन कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि विभागीय TET के जरिए शिक्षकों को निर्धारित योग्यता के दायरे में आने का अवसर मिलेगा और उनकी सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दे का समाधान भी संभव हो सकेगा। बैठक के बाद अब शिक्षकों की नजर विभाग की ओर से परीक्षा की तिथि, पात्रता और प्रक्रिया को लेकर जारी होने वाले विस्तृत आदेश पर है।


