खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। अगले सात दिनों तक भी प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की 23 अगस्त 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में औसतन 783.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह इस अवधि की 10 वर्षों की औसत वर्षा 791.1 मिमी का करीब 99 प्रतिशत है।
बारिश के वितरण में जिलों के बीच काफी अंतर देखने को मिला है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 168.3 प्रतिशत यानी 1019.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है और यह प्रदेश में सबसे आगे है। इसके बाद बलरामपुर में 150.6 प्रतिशत (1028.1 मिमी) और महासमुंद में 133.2 प्रतिशत (943.3 मिमी) बारिश दर्ज की गई है।
वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है। कांकेर में 64.7 प्रतिशत (662.0 मिमी) बारिश दर्ज हुई, जो प्रदेश में सामान्य की तुलना में सबसे कम है। सुकमा में 65.8 प्रतिशत (726.0 मिमी) और बीजापुर में 67.0 प्रतिशत (973.8 मिमी) बारिश हुई है।
रायपुर में अब तक 819.9 मिमी (127.7%), गरियाबंद में 918.1 मिमी (122.9%), बिलासपुर में 827.9 मिमी (108.7%), मुंगेली में 841.5 मिमी (120.3%), जांजगीर-चांपा में 936.3 मिमी (113.4%) और बालोद में 831.9 मिमी (114.8%) बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सावन के अंतिम सोमवार को बारिश का यह दौर खेती-किसानी और जल स्रोतों के लिहाज से राहत देने वाला माना जा रहा है, हालांकि लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान को लेकर सतर्कता जरूरी है।


