* वीर माताओं और अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि*
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सर्वमंगल फाउंडेशन द्वारा वीर माताओं के सम्मान एवं देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से रायपुर में भावपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की आराधना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कवयित्री शुभा शुक्ला ‘निशा’ ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके पश्चात देवयानी जी की मधुर आवाज में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अर्चना झा, छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा एवं महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में अमरजीत छाबड़ा, अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग, योग गुरु पंडित राजेश दुबे, वरिष्ठ कवयित्री एवं समाजसेविका शुभा शुक्ला ‘निशा’, समाजसेवी मुकेश जैन, टी.के. भोई, सहायक उप निरीक्षक एवं यातायात प्रशिक्षक, समाजसेविका डॉ. अजंता चौधरी, डॉ. मनीषा बी. सिन्हा तथा समाजसेविका रचिता राय चौधरी सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

तिरंगा थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान तिरंगा थीम पर आधारित नृत्य, कराओके, देशभक्ति गीत-संगीत, हास्य-व्यंग्य कविता एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर सीमा कटंकर ग्रुप द्वारा सैनिकों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। यह भावुक क्षण कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

वरिष्ठ कवयित्री एवं समाजसेविका शुभा शुक्ला ‘निशा’ ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भावपूर्ण गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और पूरा सभागार शहीदों की स्मृति एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठा।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन संजय शर्मा एवं डॉ. शुभा मिश्रा ने किया। आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के वीर सपूतों, सैनिकों एवं वीर माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकजुटता और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
सर्वमंगल फाउंडेशन का यह आयोजन केवल अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करने वाला प्रेरणादायी अवसर भी साबित हुआ।


