खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को मंजूरी दिए जाने का भाजपा ने स्वागत किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य मंत्रिपरिषद का आभार जताते हुए इसे प्रदेश के डिजिटल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि एआई मिशन से प्रदेश में तकनीकी विकास, कौशल उन्नयन, सुशासन और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तकनीक को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय उसे धरातल पर उतारने की दिशा में काम कर रही है। आने वाले वर्षों में यह मिशन छत्तीसगढ़ को डिजिटल क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये होंगे खर्च
भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वीकृत छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन पांच वर्षों तक संचालित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी मिशन पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे शहरों और कस्बों तक AI आधारित सुविधाएं और प्रशिक्षण पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक तकनीक का लाभ पहुंचाना है। इससे शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आने की उम्मीद है।
100 AI डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
रमेश सिंह ठाकुर के अनुसार, AI मिशन के तहत प्रदेशभर में 100 अत्याधुनिक AI डेटा लैब स्थापित की जाएंगी। अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा 300 से अधिक AI स्टार्टअप्स को आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग देने की योजना है।
मिशन के अंतर्गत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI आधारित कार्यप्रणाली का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाने के लिए 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश में तकनीकी निवेश तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा मिलेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
रमेश सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कम्प्यूटरीकरण के सपने का उल्लेख करती रही है, लेकिन लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद तकनीकी विकास की दिशा में अपेक्षित ठोस कार्य नहीं कर सकी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में तकनीकी विकास के नाम पर घोषणाएं अधिक हुईं, जबकि भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारकर डिजिटल परिवर्तन की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हो रही है।
इंडिया AI मिशन के अनुरूप आगे बढ़ेगा छत्तीसगढ़
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ का AI मिशन भारत सरकार के इंडिया AI मिशन के अनुरूप आगे बढ़ेगा। इससे प्रदेश में नवाचार, डिजिटल गवर्नेंस, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि AI मिशन छत्तीसगढ़ को भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे युवाओं और छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।
भाजपा मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी ने कहा कि भाजपा संगठन राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करता है और इसे छत्तीसगढ़ के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव मानता है।


