खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग कर नकल करने के आरोप में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। मामले में थाना डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना (iON Digital Zone iDZ Sarona) स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उस पर विशेष निगरानी रखी गई।
सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था तथा कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और उसी तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया।
पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जिनका मिलान परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से किया गया। जांच में तस्वीरें परीक्षा के वास्तविक प्रश्नों से मेल खाती पाई गईं।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिनके निर्देश पर थाना डीडी नगर में प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर धारा 318(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र में नागपुर के रहने वाले आरोपी अफताब (28 वर्ष) पिता गुलाम मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Trending
- सिम्स बिलासपुर में डॉक्टरों का कमाल: 6 साल के मासूम की अन्ननली से निकाला सिक्का, टीम वर्क ने बचाई जान
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु से बदली हजारों लोगों की जिंदगी
- आईटीबीपी द्वारा जाटलूर नाला पर बनाये गये 250 फीट लंबे फुट ब्रिज हुआ लाेकार्पण
- श्रीराम मंदिर चढ़ावा चाेरी की सुप्रीम कोर्ट के निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच हाे- उमाशंकर शुक्ला
- नवागढ़ में सरपंचों का महा-मंथन: 25 जुलाई को छत्तीसगढ़ की पंचायतों में ‘जल क्रांति’, हर घर सोक-पिट बनाने का संकल्प
- बिलासपुर जिले में एचपीव्ही टीकाकरण एवं जनजागरूकता अभियान शुरू
- महतारी वंदन योजना बनी आत्मनिर्भरता की नई पहचान
- युवा सम्मेलन में गूंजा सफलता का मंत्र: लक्ष्य, अनुशासन और संघर्ष से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य


