खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक – रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र आज (13 जुलाई) से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत कार्यमंत्रणा समिति की बैठक से होगी। 13 से 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में सरकार 8 विधेयक पेश करेगी, जबकि विधायकों की ओर से कुल 1033 प्रश्न लगाए गए हैं।
सत्र के दौरान नकटी गांव का मुद्दा, बिजली व्यवस्था, महंगाई, किसानों और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना चुका है।
वहीं कांग्रेस ने 14 जुलाई को राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल गर्म रहने और सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। सरकार जहां अपनी उपलब्धियां गिनाएगी, वहीं विपक्ष जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास करेगा।


