खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। विकासखंड लोहंडीगुड़ा के सघन वनों से घिरे ग्राम कार्लाकोंटा में अब अंधेरा बीते दिनों की बात हो गई है। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे इस दूरस्थ आदिवासी गांव में विद्युतीकरण कार्य सफलता पूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस पहल से गरीबी रेखा वर्ग के 43 परिवारों के घरों में पहली बार बिजली पहुंची है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में विकास और उम्मीद की नई रोशनी आई है। ग्रामीणों ने अपने गांव में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन दिया था ।
जिला के आला अधिकारी ने भी गांव का दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की थी और ग्रामीणों को विकास कार्यों के लिए आश्वस्त भी किया था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बीच विद्युत अधोसंरचना तैयार करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन विभाग ने इसे सफलतापूर्वक पूरा कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। इस परियोजना के तहत 3 किलोमीटर 11 केवी विद्युत लाइन, 4.9 किलोमीटर लो टेंशन (एलटी) लाइन तथा 25 केवी क्षमता के चार ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य पर 99.19 लाख रुपये की लागत आई है, जिसका भुगतान एससीए (Special Central Assistance) योजना के अंतर्गत किया गया है। योजना का उद्देश्य दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर वहां के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
बिजली पहुंचने से अब ग्रामीणों को रात में रोशनी, बच्चों को बेहतर अध्ययन का माहौल, घरेलू कार्यों में सुविधा तथा भविष्य में विभिन्न आजीविका गतिविधियों के नए अवसर मिल सकेंगे। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी सेवाओं तक पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक आसान होगी। कार्लाकोंटा में विद्युतीकरण केवल एक तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि यह दूरस्थ वनांचल में विकास की नई शुरुआत का प्रतीक है। यह पहल दर्शाती है कि शासन की योजनाएं अब अंतिम छोर पर बसे परिवारों तक भी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
Trending
- साय कैबिनेट के बड़े फैसले: औद्योगिक विकास, टैक्स रिफॉर्म्स और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मिलेगी नई गति
- एस.डी.जी. 2.0 और ‘बस्तर अंजोर’ से विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- छत्तीसगढ़ महाघोटाला: 3 साल से फरार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल EOW की हिरासत में, बेटे से पूछताछ के बाद खुद पहुंचे दफ्तर
- छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ी पदोन्नति: 2013 बैच के 61 सब इंस्पेक्टर बने इंस्पेक्टर, DGP अरुण देव गौतम ने जारी किया आदेश
- सीएम हेल्पलाइन से समस्या का हुआ समाधान, महिला श्रमिक को मिला संशोधित श्रम कार्ड
- घने जंगलों को चीरकर कार्लाकोंटा पहुंचा विकास: आजादी के बाद पहली बार जले बिजली के बल्ब, 43 परिवारों की जिंदगी रोशन
- नारायणपुर में नक्सली डंप से 15 किलो वजनी आईईडी सहित हथियार बरामद
- आईटीआर में राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ और दुर्लभ ‘हिमालयी गिद्ध’ की मौजूदगी ने जगाई नई उम्मीद


