खबर वर्ल्ड न्यूज-राजनांदगांव। अटल आवास और हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले एक शातिर ठग को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी खुद को नगर निगम का बाबू बताता था और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गहरी पहुंच होने का दावा कर बेरोजगारों और जरूरतमंद लोगों को अपने झांसे में फंसाता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कई लोगों से 8 लाख 17 हजार रुपये वसूले थे।
जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र के प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र के साथ अटल आवास योजना के तहत मकान की जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे से हुई। आरोपी ने खुद को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी बताते हुए भरोसा दिलाया कि उसकी बड़े अधिकारियों और नेताओं तक सीधी पहुंच है और वह आसानी से मकान आवंटित करवा सकता है।
विश्वास जीतने के लिए आरोपी लोगों को निर्माणाधीन मकान भी दिखाता था और फाइल आगे बढ़ाने तथा आवंटन सुनिश्चित कराने के नाम पर रकम लेता रहा। धीरे-धीरे कई लोग उसके झांसे में आ गए और लाखों रुपये उसके हवाले कर दिए। जब लंबे समय तक न मकान मिला और न ही पैसा वापस हुआ तो पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी रही। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने लोगों से रकम लेने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। यह मामला एक बार फिर बताता है कि सरकारी योजनाओं में लाभ दिलाने के नाम पर सक्रिय ठग किस तरह लोगों की जरूरत और भरोसे का फायदा उठा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर बिना वैधानिक प्रक्रिया के पैसा न दें और संदेहास्पद गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
Trending
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा
- रायपुर में वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत: लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
- लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश


