खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर बीच सड़क पर गैंगवार की घटना सामने आई है। रिंग रोड नंबर-01 स्थित कुशालपुर इलाके में देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कॉर्पियो सवार युवकों और बाइक सवार युवकों के बीच अचानक खूनी संघर्ष शुरू हो गया। बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच जमकर चाकू, फरसे और लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला Raipur Police के DD नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुशालपुर रिंग रोड पर अचानक एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार युवकों को रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। सड़क पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों ओर से युवक हथियार लेकर पहुंचे थे और एक-दूसरे पर हमला करने लगे। कुछ युवकों के हाथों में चाकू और फरसे थे, जबकि अन्य लाठी-डंडों से हमला कर रहे थे। घटना के दौरान सड़क पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गैंगवार के दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने डर के कारण दूरी बना ली और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन में घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। वहीं, सड़क से गुजर रहे वाहन चालक भी भयभीत नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भीड़ इकट्ठा नहीं होती, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही DD नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में जांच शुरू की गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक आशंका पुरानी रंजिश या गैंग प्रतिद्वंद्विता की जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान भी की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग लगातार क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता से पटवारियों की हड़ताल स्थगित
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन
- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन
- कांकेर जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: 1237 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज
- दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश- मंत्री केदार कश्यप
- दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ, 1 हजार 58 खिलाड़ी दिखा रहे खेल प्रतिभा
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेशवासी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मना रहें हैं- मंत्री लखनलाल देवांगन


