KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस की सख्ती के बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब शहर में गोला-बारूद और बमबाजी जैसी घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला कबीर नगर इलाके का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक मकान पर देर रात बम फेंके गए।
जानकारी के मुताबिक रिंकू तिवारी नामक महिला से विवाद रखने वाले सोनू पटेल और उसके साथियों ने शनिवार देर रात उसके घर पर दो बम फेंके। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज धमाके की आवाज सुनाई दे रही है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि हमलावर नकाब पहनकर पहुंचे थे और उनमें एक युवती भी शामिल थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता रिंकू तिवारी रविवार भर थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए बैठी रही, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
पीड़िता के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दे चुके थे। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में बीरगांव वार्ड-13 में भी विस्फोटक से जुड़ा मामला सामने आया था। ठेकेदार विनय देवांगन पर अपने जीजा और महापौर नंदलाल देवांगन को बम से उड़ाने की साजिश रचने का आरोप लगा था। पुलिस ने एक मितानिन के घर से तीन कम क्षमता वाले बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। मामले में आरोपी विनय देवांगन फिलहाल जेल में है।


