खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में डीआरजी जवान की पत्नी कमली करटम ने पति के अफेयर के शक में कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। आरोपी महिला ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को 50 हजार रुपए देकर युवती की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने घर में घुसकर छात्रा का मुंह और गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर पिकअप वाहन से गांव ले जाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। पुलिस ने मामले में कमली करटम (40) और डीआरजी जवान की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बोरे में दबा कंकाल भी बरामद किया गया है। वहीं मुख्य आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
दंतेवाड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जवान पांडू करटम तोयलंका का रहने वाला है। उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, कमली करटम उसकी दूसरी पत्नी है। कमली को शक था कि पांडू का रामदई कश्यप (22) के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बीच जून 2024 में रामदई के रिश्तेदारों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुरुआती जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मामले को दोबारा खोलकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान पता चला कि रामदई का पांडू करटम से लगातार संपर्क था। पूछताछ में सामने आया कि कमली अपने पति और युवती की नजदीकियों से नाराज थी।
पुलिस ने कमली करटम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांडू की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को भी गिरफ्तार किया, जिसने वारदात के लिए पिकअप वाहन का इंतजाम किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को 50 हजार रुपए देकर रामदई की हत्या की सुपारी दी थी। वारदात के समय कमली का पति बीज त्यौहार में शामिल होने गांव आया हुआ था। कमली ने लक्ष्मी को दंतेवाड़ा भेजा और रात में फोन कर रामदई की मौजूदगी की जानकारी ली। इसके बाद पिकअप वाहन से हुंगाराम को दंतेवाड़ा भेजा गया। आरोप है कि हुंगाराम ने घर में घुसकर रामदई कश्यप का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पिकअप वाहन से ग्राम तोयलंका ले जाया गया, जहां घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। पुलिस ने कमली की निशानदेही पर दंडाधिकारी, फोरेंसिक एक्सपर्ट और गवाहों की मौजूदगी में खुदाई करवाई। मौके से सफेद प्लास्टिक की बोरी से कंकाल बरामद किया गया। इसके बाद अवशेषों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है।
दंतेवाड़ा एएसपी आरके. बर्मन ने बताया कि अफेयर के शक में वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में BNS की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर जांच गई। पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने लक्ष्मी और कमली करटम को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी रिश्तेदार की भी तलाश जारी है।
Trending
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा
- रायपुर में वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत: लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
- लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
- महाराष्ट्र में बंधक जैसी परिस्थितियों से 40 श्रमिकों को मिली मुक्ति, छत्तीसगढ़ लौटे सकुशल


