KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। बृजमोहन अग्रवाल को भाजपा के कोर ग्रुप से हटाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच बृजमोहन अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा कि संगठन में समय-समय पर बदलाव होते रहते हैं और नए लोगों को अवसर देना भाजपा की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि वे करीब 10 वर्षों तक पार्टी के कोर ग्रुप में रहे हैं और अब संगठन ने नई टीम को जिम्मेदारी देने का फैसला लिया है। अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में वे सांसद के रूप में कार्य कर रहे हैं और लोकसभा की छह समितियों के सदस्य भी हैं। पार्टी आगे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
कांग्रेस द्वारा उनके साथ “सौतेला व्यवहार” किए जाने के आरोपों पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके साथ कोई सौतेला व्यवहार नहीं कर सकता। जब तक वे सक्रिय राजनीति में हैं, कोई उन्हें किनारे नहीं कर सकता।
नई पीढ़ी को संगठन में मौका मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति और संगठन में बदलाव स्वाभाविक प्रक्रिया है। कोई भी व्यक्ति हमेशा किसी पद पर नहीं रहता। समय और आवश्यकता के अनुसार जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं और जिसकी उपयोगिता होती है, उसकी वापसी भी होती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस को “कागजी शेर” बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा 24 घंटे और 12 महीने सक्रिय रहने वाली पार्टी है। बंगाल और असम जैसे राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन इसका प्रमाण हैं। भाजपा काम करती है, इसलिए जनता उसे सत्ता सौंपती है।
भाजपा कार्यसमिति की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी की बैठकें लगातार होती रहती हैं। चुनाव के बाद होने वाली कार्यसमिति बैठक में आगामी छह महीने और एक वर्ष की रणनीति तय की जाएगी। यह बैठक कार्यकर्ताओं को आने वाले समय के लिए संदेश देने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
वहीं, नीट पेपर लीक मामले को उन्होंने बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी और जांच तेजी से पूरी की जाएगी।


