नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट में चल रही तनातनी का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। भारत समेत कई एशियाई देशों में क्रूड ऑयल की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे पेट्रोल-डीजल, गैस और फर्टिलाइजर समेत कई जरूरी सामानों की किल्लत जैसे हालात हो गए हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने, एक साल तक सोना न खरीदने और विदेश यात्रा पर न जाने की अपील की है। पीएम ने कुकिंग ऑयल की खपत कम करने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर कुकिंग ऑयल कम उपयोग करेंगे, तो इससे देश के खजाने का स्वास्थ्य भी सुधरेगा और परिवार के लोगों का भी स्वास्थ्य सुधरेगा।
खाने-पीने में कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल बहुत जरूरी है। सब्जी बनाने के लिए सभी लोग तेल का उपयोग करते हैं। आजकल लोग हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की कोशिश कर रहे हैं और इसी वजह से खाने में तेल की मात्रा कम करने पर भी काफी ध्यान दिया जा रहा है। ज्यादा तेल वाला भोजन वजन बढ़ाने, हाई कोलेस्ट्रॉल और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या बिना तेल के भी स्वादिष्ट सब्जी बनाई जा सकती है? अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी स्मार्ट कुकिंग अपनाकर आप कम या बिना तेल के भी स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रख सकते हैं।
बिना तेल के सब्जी कैसे पकाएं
पानी में सब्जियां पकाना सबसे आसान तरीका है। आमतौर पर लोग तड़का लगाने के लिए तेल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आप इसकी जगह थोड़ा पानी डालकर मसालों और प्याज-टमाटर को धीमी आंच पर पका सकते हैं। इससे मसाले अच्छी तरह गल जाते हैं और स्वाद भी बना रहता है। इसे वॉटर सॉटे तकनीक भी कहा जाता है, जो हेल्दी कुकिंग में लोकप्रिय हो रही है।
नॉन-स्टिक पैन का इस्तेमाल भी तेल की खपत कम करने का शानदार तरीका माना जाता है। ऐसे बर्तनों में सब्जियां चिपकती नहीं हैं, इसलिए बहुत कम या बिल्कुल बिना तेल के भी खाना आसानी से बन जाता है। अगर आप सामान्य कड़ाही की जगह अच्छी क्वालिटी का नॉन-स्टिक या सिरेमिक पैन इस्तेमाल करते हैं, तो तेल की जरूरत काफी कम हो सकती है।
तीसरा तरीका है स्टीमिंग और उबालकर पकाना। लौकी, तोरी, गाजर, बीन्स, पालक और मिक्स वेज जैसी कई सब्जियां भाप में पकाने के बाद हल्के मसालों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती हैं। इससे सब्जियों के पोषक तत्व भी काफी हद तक सुरक्षित रहते हैं। चाहें तो बाद में नींबू, काली मिर्च और भुना जीरा डालकर स्वाद को और बेहतर बनाया जा सकता है।
ग्रेवी वाली सब्जियों में दही, टमाटर प्यूरी या प्याज का पेस्ट इस्तेमाल करना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। कई लोग ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए ज्यादा तेल डालते हैं, लेकिन इसकी जगह दही, बेसन, ओट्स पाउडर या नारियल दूध का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे सब्जी क्रीमी भी बनती है और अतिरिक्त तेल की जरूरत भी कम पड़ती है।
अगर आप खाना बनाने में थोड़ा तेल इस्तेमाल भी करना चाहते हैं, तो स्प्रे बोतल या माप वाले चम्मच का उपयोग करें। अक्सर लोग अंदाजे से ज्यादा तेल डाल देते हैं, जबकि नियंत्रित मात्रा में तेल इस्तेमाल करने से उसकी खपत काफी कम की जा सकती है। साथ ही डीप फ्राई की जगह ग्रिलिंग, रोस्टिंग या एयर फ्राइंग जैसे विकल्प भी अपनाए जा सकते हैं।
Trending
- एकादशी का व्रत रखने वाले नोट कर लें, आज कितने बजे से लग जाएगी एकादशी की तिथि
- लगातार चौथी हार से पंजाब किंग्स को नुकसान, प्लेऑफ में पहुंचने का चांस हुआ कम; देखें ताजा अंक तालिका
- दूसरे मंडे घटी ‘राजा शिवाजी’ की कमाई, लेकिन 70 करोड़ के हुई पार, जानें- अब बजट वसूलने से है कितनी दूर?
- बिना तेल के सब्जी कैसे बनाएं? कुकिंग ऑयल की खपत कम करने के 5 जबरदस्त तरीके, सुधर जाएगी सेहत
- घरेलू कलह का खूनी अंत, छोटे भाई ने फावड़े से वार कर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
- नया रायपुर IIIT में बड़ी सेंधमारी: परीक्षा देने गए छात्रों के 15 लैपटॉप पार, सुरक्षा में भारी चूक
- छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, उमस ने बढ़ाई बेचैनी
- असम में BJP सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


