पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब की अनूठी पहल — “शुकवारी संझा” आज पुलिस लाइन रायपुर में
KWNS – व्यास पाठक, रायपुर । पुलिसकर्मियों के बीच बढ़ते मानसिक तनाव, कार्य दबाव एवं चुनौतीपूर्ण ड्यूटी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज शाम पुलिस लाइन रायपुर में विशेष “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संगीत, योग और सकारात्मक ऊर्जा पर आधारित यह कार्यक्रम देश में पुलिसकर्मियों के तनाव प्रबंधन हेतु अपनी तरह की एक अभिनव एवं ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व ही गठित पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर लगातार नवाचारपूर्ण एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब को आमंत्रित कर पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन कराया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि बेहतर मानसिक संतुलन और सकारात्मक वातावरण से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता एवं मनोबल दोनों में वृद्धि होगी।
करीब 12 वर्षों से सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब द्वारा संचालित “योग-संगीत-सूत्र” की अवधारणा के अंतर्गत यह कार्यक्रम तैयार किया गया है। कार्यक्रम में हार्मोनिका वादन, मधुर संगीत, प्रेरक गीतों एवं योग-संगीत के समन्वय के माध्यम से पुलिस जवानों को तनावमुक्त वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव (IPS सेवानिवृत्त) ने बताया कि यह पहल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का सामाजिक अभियान भी है।
पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम के प्रचार हेतु लगाए गए विशेष बैनर एवं पोस्टरों में “शुकवारी संझा” को पुलिसकर्मियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं मनोबल संवर्धन का अभिनव प्रयास बताया गया है। सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की है।


