जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के समर्पण की जीत- रमेश सिंह ठाकुर
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त सफलता की खुशी में, भाजपा जिला रायपुर द्वारा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी एवं मिठाइयों के साथ भव्य विजय उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि इन राज्यों के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इसके लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि यह विजय हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं के संघर्ष, तपस्या और प्रतिबद्धता का प्रतिफल है, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी के सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ाया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास पार्टी को और अधिक सेवा एवं विकास के कार्यों के लिए प्रेरित करेगा।


