नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में कई सारे मौसमी फल मार्केट में आने लगते हैं। जामुन इनमें से ही एक है।ये स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों ही जामुन को गर्मियों का एक बेहतरीन सुपरफूड मानते हैं।
आयुर्वेद में जामुन को खासतौर पर डायबिटीज और पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए उपयोगी बताया गया है। इसके फल ही नहीं, बल्कि पत्तियां भी औषधि बनाने में काम आती हैं। यहां तक कि जामुन की टहनी से दातून करने से मुंह से जुड़ी कई समस्याएं दूर होती हैं और दांत- मसूड़े स्वस्थ रहते हैं।
पित्त नाशक फल जामुन
जामुन की तासीर ठंडी मानी जाती है, इसलिए यह गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और पित्त को शांत करता है। यह शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करने में मदद करता है और पेट को भी ठंडा रखता है। इसलिए इसे आयुर्वेद में पित्त नाशक भी कहते हैं। आप इसे सीधे फल के रूप में खा सकते हैं, जूस बनाकर पी सकते हैं या सलाद में मिलाकर भी खा सकते हैं। यह सस्ता, आसानी से मिलने वाला और शरीर को हाइड्रेट रखने वाला फल है, जो आपको दिनभर ऊर्जा देता है।
जामुन के स्वास्थ्य लाभ
जामुन ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करता है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए खासतौर पर फायदेमंद माना जाता है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता। गर्मियों में जब शुगर बढ़ने का खतरा ज्यादा होता है, तब जामुन का सेवन मददगार साबित होता है।
जामुन में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। यह कब्ज की समस्या को दूर करता है और पेट को स्वस्थ रखता है। गर्मियों में भारी या तला-भुना खाने से पाचन बिगड़ जाता है, ऐसे में जामुन इसे सुधारने में मदद करता है।
जामुन में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भी भरपूर होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। इससे गर्मी में होने वाली आम बीमारियों से बचाव होता है।
जामुन में कैलोरी कम होता है, इसलिए वेट कंट्रोल रखने में भी सहायक है। फाइबर अधिक होने के कारण पेट जल्दी भरता है और बार-बार भूख नहीं लगती।
दिल की सेहत के लिए भी जामुन फायदेमंद है। इसमें मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करता है और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी सहायक होता है, जिससे दिल स्वस्थ रहता है।
इतना ही नहीं, जामुन त्वचा के लिए भी अच्छा होता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को साफ और चमकदार बनाते हैं। गर्मियों में धूप और पसीने से त्वचा पर जो असर पड़ता है, जामुन उसे कम करने और त्वचा को निखारने में मदद करता है।
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है। यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं। इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें। K.W.N.S. किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।


