KWNS – नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का संग्राम शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आयोग के अनुसार इस बार मतदान कार्यक्रम तैयार करते समय सुरक्षा व्यवस्था और भीषण गर्मी को ध्यान में रखा गया है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मतदान का शेड्यूल
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग राज्यों में मतदान इस प्रकार होगा—
असम, केरल और पुडुचेरी: इन तीनों राज्यों में 9 अप्रैल को एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान होगा।
तमिलनाडु: यहां 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल: राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।
4 मई को आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग ने बताया कि पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 मई को एक साथ घोषित किए जाएंगे। इसी दिन यह साफ हो जाएगा कि इन राज्यों में किस दल के हाथ सत्ता की चाबी जाएगी।
यह चुनाव इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद मतदाता सूची से लगभग 18.98 करोड़ नाम हटाए गए हैं। ऐसे में नए मतदाताओं और संशोधित सूची के साथ यह पहला बड़ा चुनाव होगा।


