नई दिल्ली। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे में एक अजीबोगरीब रन-आउट ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा को जिस तरीके से आउट दिया गया, उसे लेकर कई पूर्व खिलाड़ी और फैंस नाराज दिखाई दिए। इस पूरे मामले पर भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे खेल भावना के खिलाफ बताया है।
कैसे हुआ यह विवादित रन-आउट
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई। उस समय क्रीज पर सलमान अली आगा और कप्तान मोहम्मद रिजवान मौजूद थे और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी। बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने हल्का शॉट खेला और गेंद धीरे-धीरे नॉन-स्ट्राइकर एंड की तरफ चली गई। गेंद आगा के पैड से टकराई और वह उसे उठाकर वापस देने के लिए झुक गए। इसी दौरान मिराज ने गेंद उठाकर तुरंत स्टंप्स गिरा दिए। इस समय आगा क्रीज के बाहर खड़े थे। इसके बाद बांग्लादेशी कप्तान ने रन-आउट की अपील भी कर दी।
अंपायर ने दिया आउट
मैदान पर मौजूद अंपायर ने मामला थर्ड अंपायर के पास भेज दिया। रिप्ले देखने के बाद फैसला बांग्लादेश के पक्ष में गया और सलमान अली आगा को रन-आउट करार दिया गया। इस फैसले के बाद आगा काफी निराश नजर आए और पवेलियन लौटते समय अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
मोहम्मद कैफ ने जताई नाराजगी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कई लोगों ने इसे नियमों के दायरे में सही बताया, तो कई ने इसे खेल भावना के खिलाफ माना। मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि विकेट लेने की जल्दबाजी में ऐसा कदम सही नहीं है। उन्होंने कहा कि खासकर जब कोई कप्तान ऐसा करे तो यह गलत संदेश देता है। कैफ ने युवा खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि चाहे वर्ल्ड कप का फाइनल ही क्यों न हो, खेल की भावना को कभी नहीं भूलना चाहिए।
मैच की स्थिति
इस विवादित रन-आउट के बाद पाकिस्तान की पारी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। पूरी टीम 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए माज सदाकत ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। हालांकि अंत में डीएलएस के चलते पाकिस्तान ने ये मैच अपने नाम कर लिया।
Trending
- महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष की है हठधर्मिता नारी सम्मान के साथ विश्वासघात- जिला महामंत्री पुष्पा सिन्हा
- पंडरी मॉल में ‘सुरक्षा’ ही ले उड़ी कार; वैलेट ड्राइवर Innova लेकर रफूचक्कर
- मुख्यमंत्री साय ने सुना पीएम मोदी का संबोधन: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को बताया महिला सशक्तिकरण का नया युग
- मंत्री लखन लाल के मुख्य आतिथ्य में गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र का हुआ भूमिपूजन
- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
- पत्रकार गोवर्धन सिन्हा के खिलाफ फर्जी शिकायत मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग
- देवखोल के जंगलों में अवैध कोयला खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 6 टन कोयला जब्त, सुरंगें ध्वस्त
- बर्थडे पार्टी में मासूम से दरिंदगी; 16 वर्षीय किशोर ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने भेजा बाल संप्रेक्षण गृह


