KWNS – जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। संभागीय मुख्यालय Jagdalpur में एक साथ 108 नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन नक्सलियों का Bastar Police ने अपराधियों की तरह नहीं बल्कि सम्मान के साथ स्वागत किया और उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सरेंडर करने आए नक्सली अपने साथ भारी मात्रा में नकदी, सोना और आधुनिक हथियार भी लेकर पहुंचे। पुलिस को सौंपे गए सामान में लगभग 1 करोड़ 64 लाख रुपये कीमत का 1 किलो सोना और 3 करोड़ 61 लाख रुपये नकद शामिल है। सूत्रों के मुताबिक यह रकम दंडकारण्य क्षेत्र में लेवी (जबरन वसूली) के जरिए इकट्ठा की गई थी, जिसे नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस के हवाले कर दिया।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 44 महिलाएं भी शामिल हैं, जो लंबे समय से घने जंगलों में सक्रिय थीं। इन नक्सलियों ने पुलिस को हथियारों का बड़ा जखीरा भी सौंपा है। बरामद हथियारों में 7 एके-47 राइफल, 10 इंसास राइफल, 5 एसएलआर राइफल, 4 एमजी राइफल, 20 नग 303 राइफल, 11 बीजीएम लॉन्चर और भारी मात्रा में गोला-बारूद शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल 3.95 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। Jagdalpur में आयोजित इस कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सातों जिलों के एसपी और Chhattisgarh Police के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत इन सभी पूर्व नक्सलियों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ नया जीवन शुरू कर सकें।


