ये हैं टीम इंडिया की जीत के 5 नायक
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड की टीम ने भी जोरदार लड़ाई लड़ी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आगे उनकी कोशिशें अधूरी रह गईं। इस जीत में पांच खिलाड़ियों की भूमिका सबसे अहम रही।
संजू सैमसन
ओपनिंग बल्लेबाज संजू सैंमसन ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 89 रन की तेज पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने कई बड़े शॉट लगाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। सैमसन की इस पारी की बदौलत भारत बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा, जिसने बाद में मैच का रुख तय किया।
जसप्रीत बुमराह
जब इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए तेजी से रन बना रही थी, तब जसप्रीत बुमराह ने अपनी सटीक गेंदबाजी से मैच में भारत की वापसी कराई। उन्होंने महत्वपूर्ण समय पर रन रोकते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। उनके ओवरों ने इंग्लैंड की रन गति को धीमा कर दिया और मैच भारत की पकड़ में आ गया।
अक्षर पटेल
मैच का सबसे अहम पल तब आया जब अक्षर पटेल ने बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच पकड़कर इंग्लैंड की बड़ी साझेदारी तोड़ दी। यह कैच उस समय आया जब इंग्लैंड के बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे। इस कैच ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और भारतीय टीम को नई ऊर्जा मिल गई।
हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने अंत के ओवरों में तेज रन बनाकर भारत के स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। गेंदबाजी में भी उन्होंने महत्वपूर्ण ओवर डाले और दबाव बनाए रखा। उनकी ऑलराउंड भूमिका टीम के लिए काफी अहम रही।
शिवम दुबे
आखिरी ओवर में जब मैच बेहद रोमांचक हो गया था, तब शिवम दुबे ने दबाव में भी संयम बनाए रखा। उन्होंने आखिरी ओवर में रन रोकते हुए भारत को 7 रन से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। अब टीम की नजर फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताब जीतकर लगातार दूसरा विश्व कप अपने नाम करने पर होगी।


