नई दिल्ली। होली के हुड़दंग में लोग खूब मौज-मस्ती करते हैं, लेकिन त्योहार में स्किन केयर नहीं हो पाती है। केमिकल वाले कलर्स, धूप में घंटों रहना और बार-बार चेहरा धोने से स्किन अपनी प्राकृतिक नमी खो देती है, जिससे चेहरा बेजान, रूखा और काला नजर आने लगता है। अक्सर लोग इन रंगों को छुड़ाने के लिए हार्ड साबुन या फेसवॉश का इस्तेमाल करते हैं, जो त्वचा के पीएच संतुलन को बिगाड़ देते हैं। ऐसे में महंगे फेशियल या केमिकल ट्रीटमेंट के बजाय हमारी रसोई में ही मौजूद कुछ चीजों का इस्तेमाल कर निखार वापस पा सकते हैं। ये चीजें त्वचा को गहराई से हाइड्रेट करती हैं।
यूपी के हाथरस स्थित प्रेम रघु मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल और वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. सरोज गौतम ने News18 को बताया कि दही और बेसन का उबटन होली के बाद आपकी स्किन पर गजब का निखार ला सकता है। होली के बाद त्वचा से रंग और गंदगी निकालने के लिए दही और बेसन का उबटन सबसे पुराना और असरदार तरीका है। बेसन एक प्राकृतिक क्लींजर की तरह काम करता है और रोमछिद्रों की गहराई से सफाई करता है। जबकि दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की टैनिंग को दूर कर उसे सॉफ्ट बनाता है। दो चम्मच बेसन में एक चम्मच दही मिलाकर चेहरे पर लगाएं और सूखने पर हल्के हाथों से रगड़कर उतारें। यह डेड सेल्स को हटाकर चेहरे पर तुरंत चमक लाता है।
कच्चा दूध और शहद लगाने से भी स्किन का निखार वापस आ सकता है। केमिकल रंगों के कारण अगर त्वचा में खिंचाव और रूखापन महसूस हो रहा है, तो कच्चा दूध आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प है। कच्चा दूध एक प्राकृतिक मॉइस्चराइजर है, जो त्वचा को हाइड्रेट करता है। इसमें एक चम्मच शहद मिलाकर चेहरे पर मसाज करने से रंगों की जलन शांत होती है और त्वचा में चमक आती है। शहद के एंटी-बैक्टीरियल गुण रंगों से होने वाले छोटे-मोटे इंफेक्शन को भी रोकने में मदद करते हैं। इसे 15 मिनट लगाकर सादा पानी से धो लें। इससे आपको कुछ ही देर में अच्छा रिजल्ट मिल जाएगा।
पपीते का पल्प और नींबू का रस स्किन के लिए वरदान से कम नहीं है। होली की मस्ती में धूप के कारण होने वाली टैनिंग को दूर करने के लिए पपीता रामबाण इलाज है। पके हुए पपीते को मैश करके उसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाएं। पपीते में मौजूद पपेन एंजाइम त्वचा की रंगत को साफ करता है और नींबू एक नेचुरल ब्लीच की तरह काम करता है। यह पैक चेहरे से पक्के रंगों के निशान हटाने में बहुत कारगर है। इसे लगाने के कुछ ही मिनटों बाद आपका चेहरा पहले से ज्यादा साफ हो जाएगा।
एलोवेरा और खीरे का ठंडा पैक भी आपकी स्किन पर जादुई असर दिखा सकता है। रंगों और गुलाल के कारण त्वचा में होने वाली खुजली और रेडनेस को शांत करने के लिए कूलिंग पैक की जरूरत होती है। खीरे को कद्दूकस करके उसका रस निकालें और उसमें ताजा एलोवेरा जेल मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और धूप से हुए डैमेज की भरपाई होती है। यह पैक न केवल त्वचा को शांत करता है, बल्कि यह चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग लुक देता है।
अगर चेहरे पर रंग की परत जम गई है, तो टमाटर का रस और चीनी का स्क्रब कमाल कर सकता है। टमाटर में लाइकोपीन और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो स्किन को डिटॉक्स करते हैं। आधे कटे हुए टमाटर पर थोड़ी सी चीनी डालकर चेहरे पर सर्कुलर मोशन में स्क्रब करें। यह पक्के रंगों को आसानी से काटता है और चेहरे के कालेपन को दूर कर उसे गुलाबी निखार देता है। सेंसिटिव स्किन वाले लोग चीनी को पीसकर इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि रगड़ न लगे।
Trending
- छत्तीसगढ़ में सामूहिक विवाह बना सामाजिक एकता का उत्सव, मुख्यमंत्री ने 13 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
- यूथ फेस्ट-2026: सौरभ द्विवेदी का मंत्र—फिट रहें, पॉजिटिव सोचें, परिवार संग आगे बढ़ें
- नक्सल मुक्त कोंडागांव: अब ‘कैमफ्लाज’ के बजाय ‘खाकी’ में दिखेगी पुलिस, शांति की नई शुरुआत
- केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता: पेट्रोल पंप से नकदी और मोबाइल पार करने वाला शातिर चोर जगदलपुर से गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ का बरनवापारा अभयारण्य बना विलुप्ति के कगार पर पहुंचे काले हिरणों के पुनर्जीवन का मजबूत उदाहरण
- अवैध नशीली दवाइयों के 480 कैप्सूल के साथ 3 आराेपित गिरफ्तार
- साय सरकार की ‘कनेक्टिविटी क्रांति’: सिधमा के ग्रामीणों का बरसों का इंतजार खत्म, अब गाँव की दहलीज तक पहुँची बस
- बस्तर सांसद ने लेंड्रा बूथ में ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात


