KWNS- प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का ठिकाना बदल दिया गया है। अब पुलिस कमिश्नर का कार्यालय C-3 बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है और गुरुवार से यहां से कामकाज शुरू हो जाएगा। इससे पहले पुलिस कमिश्नर कार्यालय पुराने राजस्व आयुक्त कार्यालय से संचालित हो रहा था।
जानकारी के मुताबिक, C-3 बंगले में पहले उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री Vijay Sharma का निवास हुआ करता था। अब उनके नवा रायपुर शिफ्ट होने के बाद यह बंगला खाली हो गया था। इसी वजह से अब इस भवन को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के रूप में उपयोग किया जाएगा।
रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर Dr. Sanjeev Shukla गुरुवार से नए कार्यालय में बैठकर कामकाज संभालेंगे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर Amit Tukaram Kamble भी अब इसी नए कार्यालय से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
गौरतलब है कि राजधानी Raipur में 23 जनवरी 2026 से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की गई है। 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला को शहर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। उनका जन्म 8 जनवरी 1967 को हुआ और उन्होंने रायपुर से ही पढ़ाई करते हुए एम.कॉम की डिग्री प्राप्त की है।
डॉ. शुक्ला पहले रायपुर में एसएसपी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे CID के प्रमुख अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 2010 और 2022 में राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।


