KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने परीक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं अलग से कराने के बजाय अब 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं के साथ दूसरी पाली में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
मुख्य परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च तक
मंडल सचिव पुष्पा साहू द्वारा जारी आदेश के अनुसार हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेंगी। इसके बाद तुरंत उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू किया जाएगा l
मूल्यांकन कार्य के लिए जुटाए जा रहे शिक्षक
यदि 9वीं-11वीं की परीक्षाएं पहले की योजना (25 मार्च से 10 अप्रैल) के अनुसार होतीं, तो शिक्षक परीक्षा ड्यूटी में व्यस्त रहते और कॉपी जांच का काम प्रभावित होता।
अब नई व्यवस्था के तहत —
शिक्षक समय पर मूल्यांकन कर सकेंगे
7 अप्रैल तक जांच का लक्ष्य पूरा होगा
पूरे प्रदेश में 36 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं
कॉपी जांच दो चरणों (16 मार्च और 25 मार्च) में शुरू होगी
छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय
मंडल का मानना है कि मूल्यांकन में देरी होने पर परिणाम घोषित होने में भी विलंब होता, जिससे विद्यार्थियों को अगली कक्षा या कॉलेज में प्रवेश लेने में कठिनाई हो सकती थी।
इसी समस्या से बचने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) को निर्देश दिए गए हैं कि दूसरी पाली में परीक्षाएं सुचारू रूप से आयोजित हों।
इस फैसले से उम्मीद है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित हो सकेंगे और छात्रों को प्रवेश प्रक्रिया में परेशानी नहीं होगी।


