KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी में एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से करीब छह लाख रुपये ठगने, दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रितेश चंद्राकर (26) के रूप में हुई है, जो पांडातराई क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लगभग दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने स्वयं को एम्स रायपुर में कार्यरत बताते हुए वहां के अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह युवती की नौकरी एम्स में लगवा देगा।
छह लाख रुपये की ठगी
आरोप है कि युवक ने नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए। युवती ने यह रकम कर्ज लेकर आरोपी को दी थी। विश्वास कायम करने के लिए आरोपी ने उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर भी सौंप दिया।
होटल में दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा।
फर्जी दस्तावेज का खुलासा
जब युवती जॉइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं और उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उसने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की संभावना है।
यह घटना नौकरी के नाम पर हो रही साइबर ठगी और शोषण के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा करती है। पुलिस ने युवाओं से ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहने और संदिग्ध व्यक्तियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।


