KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l दुर्गा महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में कैडेट अंडर ऑफिसर गार्गी शर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वर्ष 2024-25 में एनसीसी वायु सेना की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय एवं उल्लेखनीय योगदान देते हुए गार्गी शर्मा ने महाविद्यालय का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

गार्गी शर्मा ने राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड 2025, नई दिल्ली में सहभागिता कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। गणतंत्र दिवस परेड में चयन अपने आप में अत्यंत कठिन और गौरवपूर्ण प्रक्रिया होती है, जिसमें देशभर से चुनिंदा श्रेष्ठ कैडेट्स का चयन किया जाता है। इस प्रतिष्ठित मंच पर सहभागिता कर उन्होंने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि अपने महाविद्यालय, राज्य और एनसीसी निदेशालय का मान भी बढ़ाया।

दिल्ली प्रवास के दौरान गार्गी शर्मा ने एयरो मॉडलिंग की ब्रीफिंग भारत के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के समक्ष प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त उन्होंने चीफ ऑफ नेवल स्टाफ, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ एवं चीफ ऑफ एयर स्टाफ जैसे उच्च सैन्य अधिकारियों के समक्ष भी अपने मॉडल का सफल प्रदर्शन कर अपनी तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

उन्होंने एयर फोर्स अकादमी अटैचमेंट कैंप, डुंडीगल (हैदराबाद) में भाग लेकर वायु सेना की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण प्रणाली एवं अनुशासन को निकट से समझा। साथ ही एडवांस्ड लीडरशिप कैंप, तेलंगाना में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व किया। इन राष्ट्रीय शिविरों में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा।

महाविद्यालय परिवार ने गार्गी शर्मा की इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

गार्गी शर्मा की यह सफलता निश्चित रूप से महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।



