खबर वर्ल्ड न्यूज-कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सोमवार को एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव उसके घर से कुछ दूरी पर जयशंकर के घर के बाड़ी के पास आंगन में पड़ा देखा। शव के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। इसकी सूचना तत्काल करतला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड के श्वान ‘बाघा’ ने अहम भूमिका निभाई। शव से गंध सूंघने के बाद वह सीधे पड़ोस में रहने वाले जयशंकर के घर पहुंचा, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक नंदकुमार पटेल का आरोपी जयशंकर के घर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि वह जयशंकर की पत्नी के साथ अक्सर हंसी-मजाक और छींटाकशी करता था। रविवार रात जब जयशंकर घर लौटा, तो उसने नंदकुमार को अपनी पत्नी से बातचीत और मस्ती करते हुए रंगे हाथों देख लिया। यह बात उसे नागवार गुजरी और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में जयशंकर नंदकुमार को घर से लगे बाड़ी की ओर ले गया, जहां उसने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक नंदकुमार पटेल विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। वहीं आरोपी जयशंकर भी शादीशुदा है और उसके भी बच्चे हैं। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
इस मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की जब्ती और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विवेचना जारी है।
Trending
- रायपुर में भाजपा का ‘विजय शंखनाद’: एकात्म परिसर में मनाया गया भव्य उत्सव
- बस्तर अब शांति और विश्वास का गढ़, विकास के लिए नवाचार जरूरी- रमेन डेका
- सुशासन का ‘सरोधी’ मॉडल: सीएम की चौपाल में मिनटों में हुआ 1.50 लाख के ऋण का समाधान
- सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार”
- दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘साइलेंट 777’ ऐप के जरिए चल रहे IPL सट्टे का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
- सुशासन से सशक्त होती नारी शक्ति: सरोधी की चौपाल में केकती बाई ने साझा की बदलाव की गाथा
- कटहल–गुलमोहर की छांव में सजी चौपाल, मुख्यमंत्री ने सरोधी में सुनी जनता की आवाज
- सुशासन की गूंज: वनांचल ग्राम छपरवा से हुआ ‘सुशासन तिहार’ का शंखनाद, पहले ही दिन बरसे लाभ


