खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा का भंडारण और सप्लाय करने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भावना नगर स्थित सेल टैक्स कॉलोनी में किराये का मकान लेकर उसे गांजा भंडारण और सप्लाय का हब बना रखा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7 किलो 500 ग्राम गांजा, तौल मशीन और दो मोबाइल फोन जप्त किए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश पर की गई। नशे के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण के लिए रायपुर पुलिस द्वारा लगातार सूचना संकलन, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। दिनांक 23 दिसंबर 2025 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि थाना खम्हारडीह क्षेत्र के भावना नगर में चिल्फी हाईट्स के आगे खाली प्लॉट के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम साहिल कुमार गुप्ता और विमल कुमार कुशवाहा बताए। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास रखे बैग से गांजा बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भावना नगर स्थित सेल टैक्स कॉलोनी में एक मकान किराये पर लेकर वहां अन्य राज्यों से गांजा मंगाकर भंडारण करते थे। ग्राहकों की मांग के अनुसार गांजा को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर टेप से पैकिंग कर सप्लाय किया जाता था। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के बताए पते पर स्थित किराये के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरों में रखी बोरियों और थैलों से अतिरिक्त गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और पैकिंग में प्रयुक्त टेप बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से कुल 7 किलो 500 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 3 लाख 75 हजार रुपये), एक तौल मशीन और दो मोबाइल फोन जप्त किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 402/25 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाय की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि उसे किराये के मकान में अवैध गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं। यदि मकान मालिक की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल कुमार गुप्ता (24 वर्ष) मूल निवासी ग्राम गागी चौक, थाना आरा नगर, जिला भोजपुर (बिहार) तथा विमल कुमार कुशवाहा (21 वर्ष) निवासी दुर्गापुरी रगौर, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। दोनों वर्तमान में रायपुर के भावना नगर स्थित सेल टैक्स कॉलोनी में रह रहे थे। रायपुर पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Trending
- रायपुर में गहराया ईधन संकट: भारत पेट्रोलियम के पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड, सड़कों पर बढ़ी बेचैनी
- सनातन धर्म में 50 परिवार की वापसी, जांजगीर में मतांतरित का विरोध
- सूरजपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 12 एएसआई के तबादले, 3 को मिली नई चौकी की कमान
- राजनांदगांव मेगा जॉब फेयर: 794 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर
- पद्मश्री फूलबासन ही सुरक्षित नहीं, कानून व्यवस्था बदतर : कांग्रेस
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज लेंगे मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक…
- सुशासन तिहार: चौपाल में मिली राहत, सरलाबाई मरावी की समस्या का मुख्यमंत्री ने किया त्वरित समाधान
- सुशासन तिहार 2026: संवेदनशील पहल से समस्याओं का त्वरित समाधान


