खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) IPS आशुतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव कर दिया है। उन्हें अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने आदेश जारी कर दिया है।
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, IPS आशुतोष सिंह को केंद्र सरकार द्वारा अनुमोदित केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। वे अब CBI में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। आशुतोष सिंह को एक तेज-तर्रार और अनुशासित अधिकारी के रूप में जाना जाता है। महासमुंद में उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक समन्वय को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।



