7 दिसंबर की महापरीक्षा के लिए जन-जागरूकता की शुरुआत
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। जिले में साक्षरता के विस्तार और शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर संबित मिश्रा ने उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ के माध्यम से जिले के सभी चारों विकासखंडों के मुख्यालयों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामों में पहुंचकर आगामी 7 दिसंबर को होने वाली बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन महापरीक्षा के लिए व्यापक जन-जागरूकता की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि 15 वर्ष से अधिक आयु के सभी असाक्षर व्यक्तियों को इस महापरीक्षा से जोड़कर उन्हें साक्षर जीवन की मुख्यधारा में लाना प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर गाँव, टोला और आश्रित ग्राम तक पहुंचकर अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को उल्लास शपथ दिलाई और अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया, जिला मिशन समन्वयक कमल दास झाड़ी, जाकिर खान, साक्षरता मिशन के नोडल अधिकारी बसमैया अंगनपल्ली सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का मानना है कि प्रचार रथ के माध्यम से बढ़ती जन-जागरूकता न केवल महापरीक्षा को सफल बनाएगी, बल्कि साक्षर बीजापुर की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी स्थापित करेगी।


