खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर संभाग के घुर नक्सल प्रभावित नारायणपुर, सुकमा और बीजापुर जिले के अत्यंत दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हाल ही में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों ने सुरक्षा चुनौतियों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को पार करते हुए सेवा और विशेषज्ञता की नई मिसाल कायम की है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल में रायपुर मेडिकल कॉलेज सहित डिमरापाल और कांकेर में संचालित मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही मेडिकल छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने आयोजित विभिन्न शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया।मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर जिले में ये शिविर ईरकभट्टी, बेड़माकोटी, कस्तूरमेटा और कांदुलपार जैसे दूरस्थ स्थानों पर आयोजित किए गए, जबकि सुकमा में दुलेड़ और लखापाल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को कवर किया गया। बीजापुर में गूंजेपर्ती, पुतकेल, कोंडापल्ली और मुतवेंडी जैसे स्थानों पर आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 1324 ग्रामीणों का सफलतापूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और सभी को आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं बस्तर डॉ. महेश शांडिल्य ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार बस्तर अंचल के दूरस्थ अंदरूनी इलाकों के ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता के उद्देश्य से इन स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उक्त शिविरों में स्वास्थ्य जांच उपरांत ईलाज किया जा रहा है। वहीं आवश्यकता के अनुरूप मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थान में उपचार करवाने भेजा जा रहा है। इन स्वास्थ्य शिविरों के जरिए नारायणपुर में 367, सुकमा में 318 और बीजापुर में 639 ओपीडी जांच की गईं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान गंभीर और स्थानिक रोगों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान कुल 83 मलेरिया पॉजिटिव मामले पाए गए, जिनका तुरंत उपचार शुरू हुआ। टीबी की पहचान के लिए 207 नमूने लिए गए और आदिवासी बहुल क्षेत्रों की एक प्रमुख आनुवंशिक समस्या, सिकलसेल, एनीमिया की पहचान के लिए 464 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त कुल 212 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ 129 नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। उक्त स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन सुरक्षाबलों के सहयोग और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के दृढ़संकल्प का परिणाम है, जो दर्शाता है कि सरकार और प्रशासन दुर्गम क्षेत्रों में भी अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Trending
- वन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव जिले को दी 12 करोड़ 47 लाख 75 हजार रुपये के 10 विकास कार्यों की सौगात
- अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: खरसिया में 2 स्थानों से 46 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत केस दर्ज
- विष्णु भैया की सरकार में धान बेचना हुआ आसान, कटंगी कला के भीखम पटेल ने बेचा 44 क्विंटल 80 किलो धान
- प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
- संविधान गौरव दिवस से पहले सियासी पारा चढ़ा: भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडेय का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, कहा- ‘संविधान का मखौल उड़ाना कांग्रेस की कार्यशैली’
- 52 गेंदों में दोहरा शतक: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
- मितानिनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला, मितानिन दिवस पर 12 मितानिनों का सम्मान
- सेवा सहकारी समिति भटगांव में विधि-विधान से शुरू हुई धान खरीदी


