केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर भत्ता, अवर सचिव ने जारी किया आदेश
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) बढ़ा दिए हैं। सरकार ने 1 जुलाई 2025 से नए भत्ते लागू करने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार ने आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते बढ़ाने का फैसला केंद्र सरकार की नई दरों के अनुसार किया है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित विभागों को भत्ता जल्दी भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए आदेश के लागू होने से राज्य के सभी अखिल भारतीय सेवा (IAS और IPS) अधिकारियों को वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी कर दी है। वित्त मंत्रालय ने 6 अक्टूबर 2025 को जारी आदेश में बताया कि 1 जुलाई 2025 से महंगाई भत्ता 55% से बढ़ाकर 58% किया गया है।
अखिल भारतीय सेवाएं (महंगाई भत्ता) नियम, 1972 के तहत अब यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता IAS, IPS और IFS अधिकारियों पर भी लागू होगा। छत्तीसगढ़ सरकार ने नई दरों को मंजूरी दे दी है। इसके अनुसार राज्य में पदस्थ सभी अखिल भारतीय सेवा अधिकारी 1 जुलाई 2025 से नई दरों के अनुसार महंगाई भत्ता प्राप्त करेंगे।
नए आदेश के अनुसार महंगाई भत्ता अब केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार मिलेगा। इसे 1 जुलाई 2025 से लागू किया जाएगा। महंगाई भत्ता की गणना अधिकारी के वेतन मैट्रिक्स में तय वेतन पर की जाएगी, जिसमें कोई भी विशेष या व्यक्तिगत वेतन शामिल नहीं होगा।



