खेल अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है- विधायक दीपेश साहू
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू आर्ट्स एवं साइंस महाविद्यालय, बेमेतरा में राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
महाविद्यालय के खिलाड़ी, जिन्होंने पूर्वी-क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन खेलों एवं अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन खेलों में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का प्रतिनिधित्व किया था, उन्हें समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मंच से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और राष्ट्र गौरव का माध्यम है। उन्होंने कहा मेजर ध्यानचंद जी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि कठिन परिश्रम और निस्वार्थ खेल भावना से कोई भी खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकता है। खेल जीवन में टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का निर्माण करते हैं।
साहू ने आगे कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे नशा और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य और केंद्र सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर योजनाएँ संचालित कर रही हैं, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के उत्साह और जोश ने समारोह को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राजेंद्र शर्मा, पार्षद विकाश तम्बोली, दीनानाथ साहू, गोपी देवांगन, दुर्ग प्रसाद जंघेल, क्रीड़ा अधिकारी, प्राध्यापकगण एम.एफ. खान, डॉ. डी.डी. द्विवेदी, डॉ. संध्या बघेल, बी.आर. साहू, श्रीमती ज्योति गेन्ड्रे, सुश्वेता साहू, डॉ. डोशन साहू, डॉ. आर.के. त्रिपाठी, डॉ. घनश्याम नागे, डॉ. पायल गोस्वामी, श्रीमती नर्मदा, डॉ. राजसाहू, नरेश पटेल, एल.एन. गुप्ता, डॉ. ज्योतिप्रभात राणा सहित महाविद्यालय का पूरा स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


