खबर वर्ल्ड न्यूज– रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर नक्सलवाद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कुरुद से बीजेपी विधायक और पार्टी के फायरब्रांड नेता अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “नक्सली कांग्रेस के दामाद हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे दामाद का स्वागत किया जाता है, वैसे ही कांग्रेस ने नक्सलियों का स्वागत किया।
चंद्राकर ने कांग्रेस पर लगाया आदिवासी उपेक्षा का आरोप
अपने बयान में अजय चंद्राकर ने कहा —
“नक्सली कांग्रेस के शोषण की देन हैं। 1980 में जब कांग्रेस की एकछत्र सत्ता थी, तब भी आदिवासी क्षेत्रों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। कांग्रेस ने नक्सलियों से कहा कि आओ, हमें कुछ नहीं देखना है, बस तुम आते रहो।”
कांग्रेस का पलटवार — अदानी-अंबानी किसके दामाद?
बीजेपी विधायक के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने अजय चंद्राकर पर पलटवार करते हुए कहा —
“अजय चंद्राकर का बयान झूठ और निराधार है। आज सरगुजा और बस्तर जैसे इलाकों में जंगल उजड़ रहे हैं। आदिवासी अपनी जमीन से बेदखल हो रहे हैं। औद्योगिकरण के नाम पर जंगलों की कटाई हो रही है।”
“आज अदानी-अंबानी का स्वागत दामाद की तरह किया जा रहा है। अजय चंद्राकर बताएं कि ये अदानी-अंबानी किसके दामाद हैं?”
राजनीति गरमाई, मुद्दा फिर आदिवासी और विकास बनाम उद्योग
यह बयानबाजी ऐसे समय पर सामने आई है जब छत्तीसगढ़ में आदिवासी क्षेत्रों में विकास बनाम विस्थापन, और नक्सल समस्या को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बीजेपी और कांग्रेस के बीच आदिवासी हित, जंगल की कटाई, और नक्सलवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है।


