खबर वर्ल्ड न्यूज– दुर्ग। जिले के धमधा ब्लॉक अंतर्गत बोरी तहसील से एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। ग्राम टेकापार निवासी एक किसान की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर ने तहसील कार्यालय बोरी में पदस्थ बाबू वीरेंद्र तुरकाने को ₹17,500 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता किसान ने बताया कि उसने ग्राम टेकापार में एक ज़मीन खरीदी थी और नामांतरण (mutation) के लिए तहसील कार्यालय बोरी में संपर्क किया। वहां पदस्थ बाबू वीरेंद्र तुरकाने ने प्रति प्लॉट ₹500 की दर से कुल ₹20,000 की रिश्वत मांगी।
किसान ने इसकी शिकायत ACB रायपुर से की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की योजना बनाई। जांच के दौरान मोलभाव के बाद ₹17,500 पर बात तय हुई।
रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी
ACB की टीम ने 3 जुलाई को ट्रैप ऑपरेशन चलाया और वीरेंद्र तुरकाने को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (PC Act) के तहत कार्रवाई की गई है।
ACB की सक्रियता से बढ़ी उम्मीदें
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि ACB प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सक्रिय है और आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रही है। किसानों और आम जनता को ऐसे मामलों में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी जा रही है।


