खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ की नौकरशाही में रविवार को एक बड़ा और अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिला। राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, जिन्हें कैबिनेट बैठक के बाद सम्मानपूर्वक विदाई दी जानी थी, अब अगले तीन महीने तक अपनी सेवाएं देते रहेंगे। यह फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद आया, और इस कदर गोपनीय था कि खुद जैन भी इससे अनजान थे।
सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह उन्होंने राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन से मुलाकात की थी और राज्यपाल ने उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी थीं, यह मानकर कि उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। मंत्रालय में विदाई समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं — गुलदस्ते मंगाए जा चुके थे, उनके परिजन कार्यालय पहुंच चुके थे, और सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्यक्रम की व्यवस्था कर ली थी।
लेकिन जैसे ही साय कैबिनेट की बैठक समाप्त हुई, स्थिति बिल्कुल उलट गई।
कैबिनेट हॉल से निकलते वक्त अमिताभ जैन मुस्कुराते नज़र आए। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सचिव राहुल भगत भी थे। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान ही दिल्ली से एक फोन कॉल आया, जिसमें जैन के कार्यकाल को तीन महीने का एक्सटेंशन दिए जाने की सूचना मिली।
* छत्तीसगढ़ प्रशासनिक इतिहास में पहली बार
अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहले ऐसे मुख्य सचिव बने, जिन्हें केंद्र सरकार से कार्यकाल विस्तार मिला है। इस घटनाक्रम से मंत्रालय में मौजूद अफसरों के चेहरों पर हैरानी साफ़ देखी गई।
अब यह तय हो गया है कि जैन, जो पहले ही एक सुलझे और अनुभवशील अफसर के रूप में पहचान बना चुके हैं, राज्य सरकार की रणनीतियों में अगले तीन महीने और सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।


