खबर वर्ल्ड न्यूज – आरंग। रायपुर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम देवरी में एक अनोखी और रोमांचक घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को हैरानी में डाल दिया है। यहां इंद्रकुमार साहू नामक व्यक्ति के घर में एक-दो नहीं बल्कि नाग-नागिन और उनके करीब 35 छोटे-छोटे सांपों ने डेरा जमा रखा था।
कैसे हुआ नागलोक का खुलासा?
बरसात के मौसम में इंद्रकुमार को कुछ दिनों पहले घर में दो छोटे सांप दिखे। उन्होंने उन्हें पकड़कर सुरक्षित बाहर छोड़ दिया, यह सोचकर कि बारिश के मौसम में ऐसा होना सामान्य है। लेकिन यह सिलसिला अगले दिन भी जारी रहा। जब लगातार सांप दिखने लगे, तब उन्होंने गांव वालों को जानकारी दी। गांव के एक सर्प विशेषज्ञ को बुलाया गया, जिसने घर के टाइल्स और पत्थरों को ठोक-पीट कर जांच शुरू की।
फर्श के नीचे बसा था नागलोक
जांच के दौरान एक स्थान पर शक हुआ कि नीचे कुछ हलचल है। जैसे ही वहां की टाइल्स और पत्थर हटाए गए, तो सभी के होश उड़ गए। वहां एक पूरा नाग परिवार मौजूद था – नाग, नागिन और लगभग 35 बच्चे। यह दृश्य किसी धार्मिक कथा जैसा प्रतीत हो रहा था।
दो कमरों में फैला था नागों का साम्राज्य
सांपों ने घर के दो कमरों में बिल बनाकर स्थायी निवास बना लिया था। यह देखकर परिवार सहित गांववाले दहशत में आ गए। तत्काल घर की खुदाई कर सभी बिलों की सफाई की गई और सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम की मदद से जंगल में छोड़ा गया
घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से आरंग पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू टीम की मदद से सभी सांपों को पकड़कर पास के जंगल में छोड़ दिया।
ग्रामीणों में चर्चा का विषय
इस अनोखी घटना के बाद पूरे देवरी गांव में नाग परिवार की चर्चा जोरों पर है। कई लोग इसे आस्था और चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे प्राकृतिक घटना बता रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।


