राज्य एवं बाह्य पर्यटन इकाइयों की कार्यप्रणाली, पर्यटक सुविधाएं एवं रिसॉर्ट संचालन पर हुई उच्च स्तरीय चर्चा
KWNS – रायपुर। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा की अध्यक्षता में दिनांक 20 जून 2025 को बोर्ड मुख्यालय, रायपुर में एक महत्वपूर्ण एवं उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य (IFS) सहित टूरिज़्म बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न पर्यटक सूचना केंद्रों, रिज़ॉर्ट्स एवं मोटल्स में पदस्थ प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के भीतर एवं बाह्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवक को बढ़ाने, पर्यटक सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा पर्यटन इकाइयों के संचालन में आ रही चुनौतियों का गहन मूल्यांकन कर उनके प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा,
“छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक समृद्धि को विश्वपटल पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना हमारी प्राथमिकता है। पर्यटन न केवल यात्रा का माध्यम है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक प्रगति का प्रमुख स्रोत है।”
बैठक के दौरान संभागवार समीक्षा करते हुए पर्यटक सूचना केंद्रों एवं आवासीय इकाइयों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली गई। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करने हेतु नवाचार अपनाते हुए स्थानीय स्तर पर प्रभावी रणनीतियाँ बनाई जाएं।
बैठक में आए सुझावों के आधार पर अनेक समस्याओं का स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया तथा यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में पर्यटक सुविधाओं के स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक पहुँचाने हेतु निरंतर प्रयास किए जाएंगे। अधिकारियों से यह अपेक्षा की गई कि वे पर्यटक अनुभव को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।


