15 जून तक पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा मानसून
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की संभावना है। मंगलवार की शाम राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बुधवार यानी आज के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और मूसलाधार बारिश हो सकती है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद और दंतेवाड़ा सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के चलते प्रदेश में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 15 जून के आसपास पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो जाएगा, जिससे लगातार बारिश की संभावना बढ़ेगी।


