खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती नेशनल पार्क में सुरक्षाबलाें द्वारा नक्सलियों के खिलाफ पिछले चार दिनों से चलाया जा रहा अभियान रविवार की देर रात खत्म हो गया है, और जवान अब जंगलों से वापस लौट रहे हैं। चार दिनों के इस अभियान में सुरक्षाबलाें को बड़ी सफलता मिली है। जवान अपने साथ दो शीर्ष नक्सली गौतम उर्फ सुधाकर एवं भास्कर उर्फ माइलारापु अडेल्लु सहित सात नक्सलियों का शव लेकर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा व अन्य जिलों से बैकअप पार्टियां इस इलाके में भेजी गई हैं। बैकअप पार्टियों की निगरानी में चार दिनों से ऑपरेशन चलाने वाले जवान वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा जंगलों के अंदर से नक्सलियों के शवों को लादकर लाना भी जवानों के लिए एक बड़ी चुनौती है। 90 घंटे से ज्यादा समय तक ऑपरेशन चलाकर जवान थक गए हैं। वापसी के दौरान नक्सलियों की ओर से एंबुश लगाने का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। उन्हें जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आज साेमवार देर शाम तक का समय लग सकता है।


