खबर वर्ल्ड न्यूज़ – हेमलता निषाद , पाटन दुर्ग। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़कें आम जनता की जान जोखिम में डाल रही हैं। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत हाल ही में सामने आया मामला इसकी एक ताजा मिसाल है। करीब दो साल पहले लाखों-करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क अब जगह-जगह से दरकने लगी है। सड़क में बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और डामर जगह-जगह से उखड़ चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क निर्माण का ठेका जिस ठेकेदार को दिया गया था। निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग के चलते सड़क महज दो साल में ही दम तोड़ती नजर आ रही है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीचोंबीच लंबी दरारें उभर आई हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मोटा भ्रष्टाचार हुआ है। बिना गुणवत्तापूर्ण निरीक्षण और मानकों की अनदेखी कर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया। इस लापरवाही के पीछे प्रशासनिक मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।
मांग उठी: जांच हो और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए
गांव वालों ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषी ठेकेदार समेत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मांग है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

